सड़क अर्जुनी में भूख हड़ताल के बीच महेंद्र वंजारी की तबीयत बिगड़ी, गोंदिया रेफर
सड़क अर्जुनी (जिला गोंदिया) –
नगर पंचायत सड़क अर्जुनी में वर्षों से लंबित लेआउट व जमीन के पट्टों के नियमितीकरण के मुद्दे पर 16 फरवरी से शुरू हुआ आंदोलन अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है।
नगरसेवक महेंद्र वंजारी द्वारा तहसील कार्यालय के सामने शुरू की गई भूख हड़ताल के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सूत्रों के अनुसार वंजारी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जिसके बाद उन्हें तत्काल सड़क अर्जुनी से जिला अस्पताल गोंदिया रेफर किया गया।
प्रशासन पर बढ़ा दबाव
बताया जा रहा है कि नगर पंचायत के सीओ व तहसील कार्यालय के कर्मचारियों के खिलाफ आंदोलनकारियों में भारी रोष है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वर्षों से लेआउट और जमीन के पट्टों का मामला लंबित रखा गया है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भूख हड़ताल के कारण तहसील परिसर में तनाव का माहौल बन गया था। महेंद्र वंजारी की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद समर्थकों में आक्रोश और बढ़ गया।
“पट्टे दो, नहीं तो आंदोलन तेज होगा”
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
अब सभी की नजर प्रशासनिक अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर टिकी है। क्या वर्षों से लंबित जमीन के पट्टों का समाधान निकलेगा, या आंदोलन और तेज होगा — यह आने वाला समय ही बताएगा।

