सड़क अर्जुनी में बाघ का आतंक! 2 शावकों संग खेतों में घूमती दिखी बाघिन

अपराध महाराष्ट्र राजनीति शिक्षा स्वास्थ्य

सड़क अर्जुनी में बाघ का आतंक! 2 शावकों संग खेतों में घूमती दिखी बाघिन
सडक अर्जुनी= 
सड़क अर्जुनी तहसील के डुंडा–पांढरी परिसर में एक बार फिर बाघ के आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। बीती रात खेतों में काम कर रहे किसानों ने दो शावकों के साथ एक बाघिन को खुलेआम घूमते देखा, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार 6 फरवरी की रात एवं तड़के सुबह किसानों ने खेतों के पास बाघिन को शावकों के साथ विचरण करते देखा। यह इलाका नवेगांव–नागझिरा टाइगर रिजर्व की सीमा से सटा हुआ है, जहां से वन्यजीवों का गांव और खेतों की ओर आना लगातार बढ़ता जा रहा है। बाघिन का मानव बस्तियों के बेहद करीब दिखना गंभीर खतरे का संकेत माना जा रहा है।
कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में खेत में काम कर रही एक महिला पर बाघ द्वारा हमला किए जाने की घटना सामने आई थी, जिसमें महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी प्रशासन द्वारा ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने से ग्रामीणों में भारी रोष है।
स्थानीय किसानों और ग्रामीणों का कहना है कि बाघिन बच्चों के साथ बार-बार खेतों में दिखाई दे रही है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कई किसान डर के कारण खेतों में जाना छोड़ चुके हैं, जिससे कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत गश्त बढ़ाई जाए, पिंजरे लगाए जाएं, ट्रैप कैमरे सक्रिय किए जाएं तथा किसानों और मजदूरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही प्रभावित गांवों में सतर्कता और जनजागरण अभियान चलाने की भी मांग की जा रही है।
जिले में बीते कुछ वर्षों में बाघ, तेंदुआ और अन्य वन्यजीवों के हमलों की घटनाओं में इजाफा हुआ है, जिससे ग्रामीण इलाकों में भय का वातावरण बना हुआ है। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *