कोहमारा फ्लाईओवर निर्माण कार्य को मिली रफ्तार, दो वर्षों में होगा तैयार

अपराध महाराष्ट्र राजनीति

कोहमारा फ्लाईओवर निर्माण कार्य को मिली रफ्तार, दो वर्षों में होगा तैयार

सड़क अर्जुनी : मुंबई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर स्थित कोहमारा में बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर निर्माण कार्य को आखिरकार गति मिल गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा लगभग 53 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य सीमा इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को सौंपा गया है।

जानकारी के अनुसार, एचपी पेट्रोल पंप से डुग्गीपार पुलिस स्टेशन तक 17 पिलरों पर आधारित फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। प्रारंभिक चरण में सॉइल टेस्टिंग (मिट्टी परीक्षण) का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन कुछ ग्रामीणों द्वारा आपत्ति दर्ज किए जाने के कारण यह कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

कोहमारा क्षेत्र गोंदिया, देवरी, साकोली और नवेगांवबांध मार्गों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। फ्लाईओवर के निर्माण के बाद यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी तथा दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है। चारों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों को बिना किसी बाधा के आवागमन की सुविधा मिलेगी।

वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के नागरिकों में खुशी का माहौल है। फ्लाईओवर बनने से कोहमारा सहित आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि सभी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अगले दो वर्षों के भीतर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा कर इसे यातायात के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

वहीं, इस संबंध में NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पी. डी. अभिजीत जीजकार से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई। जिसके चलते ग्रामीणों के विरोध और सॉइल टेस्टिंग कार्य रुकने के संबंध में एनएचएआई का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *