चिरचाड़ी नदी से रेत का अवैध उत्खनन
महसूल विभाग और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सड़क अर्जुनी (प्रतिनिधि): तालुका के ग्राम चिरचाड़ी स्थित नदी से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रात के समय ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के माध्यम से लगातार रेत निकाली जा रही है, जिससे शासन के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
इस अवैध गतिविधि के चलते शासन को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है, वहीं पर्यावरण पर भी गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। नदी के प्राकृतिक प्रवाह और आसपास के भू-भाग पर इसका दुष्प्रभाव पड़ सकता है, जिससे भविष्य में बाढ़ और जलस्तर में गिरावट जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस पूरे मामले में महसूल विभाग और वन विभाग की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल इस अवैध उत्खनन पर रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

