निर्माणाधीन सड़क बनी हादसों का अड्डा, सुरक्षा इंतज़ामों के अभाव में ट्रेलर पलटा

शिक्षा

निर्माणाधीन सड़क बनी हादसों का अड्डा, सुरक्षा इंतज़ामों के अभाव में ट्रेलर पलटा

देवपायली/ब्राम्हणी खड़की | प्रतिनिधि

मुंबई–कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर निर्माणाधीन सड़क पर कथित सुरक्षा लापरवाही के चलते शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। रायपुर से नागपुर की ओर लोहे के बीम लेकर जा रहा ट्रेलर क्रमांक MP 22 ZJ 9657 कथित रूप से पर्याप्त चेतावनी संकेत, रेडियम रिफ्लेक्टर और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक अंकित कुमार द्विवेदी (26 वर्ष), निवासी सीधी (मध्यप्रदेश) घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माणाधीन हिस्से में रात के समय सड़क की दिशा स्पष्ट करने वाले संकेतक, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं थी। इसी कारण चालक को मार्ग स्पष्ट दिखाई नहीं दिया और ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। ट्रेलर में लदे लोहे के भारी बीम सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। नागरिकों ने निर्माण कार्य कर रही अग्रवाल कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अग्रवाल कंपनी के जीएम प्रमोद पांडे ने कहा,

“मैं कल आकर सड़क का निरीक्षण करता हूं। यदि सड़क क्षतिग्रस्त होगी तो उसकी मरम्मत कराई जाएगी। इस संबंध में पी.डी. साहब से भी बात करूंगा।”

वहीं योगीराज धुनीवाले बाबा सेवा ट्रस्ट, शशीकरण देवस्थान के अध्यक्ष महेश डुंभरे ने कहा कि 

“सिर्फ छह घंटे में सड़क की हालत फिर खराब हो गई और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। हादसों को रोकने के लिए फिलहाल देवपायली अथवा ब्राम्हणी खड़की मार्ग से यातायात डायवर्ट किया जाना चाहिए।”

स्थानीय नागरिकों ने NHAI से सड़क की तत्काल मरम्मत, पर्याप्त सुरक्षा संकेतक एवं रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

(नोट: सड़क सुरक्षा और निर्माण कंपनी से संबंधित आरोप स्थानीय नागरिकों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की आधिकारिक जांच और निष्कर्ष आना बाकी है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *